पत्थलगांव में दो मजदूरों की मौत के बाद बवाल, NH-43 पर चक्काजाम
50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े परिजन, ठेकेदार व बिजली विभाग के जिम्मेदारों पर FIR की मांग
सुबह से धरने पर बैठे लोगों को शाम करीब चार बजे तक प्रशासन की ओर से मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो गए। इसके बाद ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं ने पत्थलगांव से गुजरने वाले NH-43 पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। सड़क जाम होने से राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
ग्रामीणों के साथ कांग्रेस नेताओं ने किया प्रदर्शन
धरने और चक्काजाम में मृतकों के परिजनों के साथ ग्रामीण शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने भी प्रदर्शन को समर्थन देते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पीड़ित परिवारों को तत्काल मुआवजा देने की मांग रखी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हादसे में दो परिवारों ने अपने सदस्यों को खोया है, ऐसे में उन्हें उचित आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए।
शव सड़क पर रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे शवों को सड़क पर रखकर उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है तथा अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।





